रायला बीएचएन| नेशनल हाईवे 48 पर स्थित एक होटल में सोमवार को मानवता की सेवा का अनूठा जज्बा देखने को मिला। मेवाड़ क़ायमखानी महासभा के अध्यक्ष बी. डी. खान क़ायमखानी के नेतृत्व में थैलीसीमिया और कैंसर पीड़ित मासूम बच्चों के उपचार में सहयोग के लिए विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रायला सहित आसपास के गांवों के युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और कुल 71 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
रक्तदान शिविर का विधिवत शुभारंभ पूर्व सीएमएचओ डॉ. आरसी सामरिया, सरपंच भूपेंद्र चौधरी, छोटू सिंह, मोईनुदीन खान, वाहिनूर खान, जहांगीर खान, शाहजहां खान, रसीद खान लुहारिया और विख्यात रक्तवीर विक्रम दाधीच सहित अन्य गणमान्य ग्रामीणों द्वारा किया गया। अतिथियों ने इस नेक पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, जो मासूमों को नई जिंदगी दे सकता है।
शिविर की खास बात यह रही कि स्थानीय युवाओं के साथ-साथ नेशनल हाईवे से गुजर रहे कई मुसाफिरों ने भी वाहन रोककर रक्तदान में अपना योगदान दिया। जयपुर से विशेष रूप से आये रजनीश मिश्रा, कन्हैया पारीक, नासिर खान, गुलशन कुमार सहित विशाल सिंह, पुखराज जाट, राहुल जाट, मांगी लाल गुर्जर और शहजाद खान जैसे कई युवाओं ने रक्तदान कर पीड़ित बच्चों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
सम्मान पाकर खिले रक्तदाताओं के चेहरे
महात्मा गांधी ब्लड सेंटर भीलवाड़ा की टीम के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में अमित पारीक, बाबू सुवालका और नक्श टेलर का सराहनीय योगदान रहा। शिविर के समापन पर बी. डी. खान क़ायमखानी, रशीद खान और विक्रम दाधीच ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके इस जज्बे का आभार जताया।