“भीलवाड़ा मिनी कुंभ: 25 फरवरी को शोभायात्रा में संतों का स्वागत, वाल्मीकि समाज 108 किलो फूलों से करेगा पुष्प वर्षा”

Update: 2026-02-23 07:06 GMT


भीलवाड़ा | वस्त्रनगरी में आयोजित होने वाले 'मिनी कुंभ' को लेकर उत्साह चरम पर है। आगामी 25 फरवरी 2026 को निकलने वाली विशाल शोभायात्रा में वाल्मीकि समाज द्वारा संतों और महात्माओं का ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। सोमवार को महंत श्याम लाल टांक एवं छीतर मल गेंगट की अध्यक्षता में हुई समाज की महत्वपूर्ण बैठक में इस भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।

108 किलो फूलों से होगी पुष्प वर्षा

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वाल्मीकि समाज संतों के सम्मान में पलक-पावड़े बिछाएगा। शोभायात्रा के दौरान संतों और श्रद्धालुओं पर 108 किलो फूलों से पुष्प वर्षा की जाएगी। इस दौरान दीक्षा लेने वाले तीन दीक्षार्थियों—इन्द्रदेव, सिद्धार्थ एवं कुशल ब्रह्मचारियों का विशेष अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही, 250 गांवों से आने वाली प्रभात फेरियों में शामिल हजारों श्रद्धालुओं का भी समाज द्वारा भव्य स्वागत होगा।

श्रद्धा और एकजुटता का प्रतीक

महंत श्याम लाल टांक ने कहा कि यह आयोजन संतों के प्रति समाज की अटूट श्रद्धा और एकजुटता का प्रतीक बनेगा। छीतर मल गेंगट ने सभी कार्यकर्ताओं से तैयारियों में जुटने की अपील की है। बैठक में पूरण लोट, महादेव सरपटा, महावीर गेंगट, शिव प्रकाश, राजा, रामेश्वर पंडित सहित समाज के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे और सफल आयोजन हेतु जिम्मेदारियां संभालीं।

Similar News