चारागाह भूमि पर 'जरायम पेशा' जाति का कब्जा, अवैध शराब और अश्लील हरकतों से ग्रामीण त्रस्त, कलेक्टर से गुहार

Update: 2026-02-23 09:05 GMT

 भीलवाड़ा पुनीत |  जिले की कोटड़ी तहसील के उदलियास माफी गांव में चारागाह भूमि पर अवैध कब्जों और वहां संचालित हो रही अनैतिक गतिविधियों ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। 'जरायम पेशा' जाति के लोगों द्वारा मवेशियों के चरने की जमीन पर कब्जा कर अवैध शराब बनाने और बहू-बेटियों के साथ अभद्रता करने के विरोध में समस्त ग्रामवासियों ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

अवैध शराब का अड्डा बनी चारागाह भूमि

ग्राम पंचायत सूठेपा के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की चारागाह भूमि पर जरायम पेशा जाति के गोपाल, पप्पू, राकेश, प्रमोद और भैरू सहित अन्य लोगों ने नाजायज गिरोह बनाकर कब्जा कर रखा है। वहां सरेआम अवैध शराब बनाई जा रही है, जिसके कारण दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इस वजह से गांव का शांत माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है।

बहू-बेटियों का निकलना हुआ मुश्किल, लूटपाट का डर

ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि जब गांव की महिलाएं और बेटियां मवेशी चराने चारागाह की ओर जाती हैं, तो जरायम पेशा जाति के व्यक्ति और वहां मौजूद शराबी उनका पीछा करते हैं और अश्लील हरकतें व गाली-गलौज करते हैं। इतना ही नहीं, ये लोग किसानों की खड़ी फसलें काटकर चुरा ले जाते हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां देते हैं।

झूठे मुकदमों की धौंस और पुलिस की सुस्ती

ज्ञापन में ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाया कि ये लोग गांव वालों को डराने-धमकाने के लिए आए दिन झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने और एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में बड़लियास थाना और उच्चाधिकारियों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन साठगांठ के चलते आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।

कलेक्टर से अतिक्रमण हटाने की मांग

ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से गुहार लगाई है कि राज्य सरकार के आदेशानुसार चारागाह भूमि से इस जरायम पेशा जाति के अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए और गांव में शांति बहाल की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे।

Similar News