लोडिंग कंटेनर की टक्कर से गाय गंभीर घायल,चालक फरार—ग्रामीणों व गौसेवकों में आक्रोश,थाने में दी रिपोर्ट

Update: 2026-02-23 12:50 GMT

हमीरगढ़ (अलाउद्दीन मंसूरी)हमीरगढ़ उपखण्ड क्षेत्र में सक्रिय गौसेवा दल को आज सुबह सूचना मिली कि बीएसएल फैक्ट्री के समीप सर्विस रोड पर स्थित देवनारायण मंदिर के पास गुवारड़ी रोड पर एक तेज रफ्तार लोडिंग कंटेनर ने सड़क किनारे खड़ी गाय को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भयानक थी कि गाय की एक आंत टूटकर बाहर निकल आई,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद चालक ने मानवीय संवेदनाएं ताक पर रख दीं।वह बिना रुके,पीछे मुड़कर देखे बिना ही मौके से फरार हो गया।इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और गौसेवकों में भारी रोष व्याप्त है।सूचना मिलते ही गौसेवा दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और घायल गाय की सहायता की। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और गौसेवक एकत्र होकर हमीरगढ़ स्थित हमीरगढ़ थाना पहुंचे,जहां घटना को लेकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई।ग्रामीणों व गौसेवकों ने दोषी चालक और वाहन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।गौसेवा दल ने बताया कि घटना से संबंधित लोडिंग कंटेनर के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं,ताकि आरोपी की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जा सके।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्विस रोड और व्यस्त मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाए जाएं,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Similar News