पुर पुलिया के पास डिवाइडर से टकराई दिल्ली नंबर की कार, 101 किलो डोडाचूरा बरामद

Update: 2026-03-30 09:07 GMT

भीलवाड़ा। जिला पुलिस की स्पेशल टीम (DST) और पुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक दिल्ली नंबर की वरना कार से 101 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर अलवर निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

हादसे के बाद खुली तस्करी की पोल

जानकारी के अनुसार, पुर थाना प्रभारी आयुष क्षोत्रिय को डीएसटी से सूचना मिली थी कि हमीरगढ़ से मांडल रोड पर पुर पुलिया के पास एक दिल्ली नंबर की वरना कार डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त स्थिति में खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। जब पुलिस ने संदिग्ध कार की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें रखे प्लास्टिक के कट्टों में भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा भरा मिला।

लाइसेंस न मिलने पर आरोपी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा वजन करने पर डोडाचूरा का कुल भार 101 किलोग्राम पाया गया। कार चालक अलवर निवासी 39 वर्षीय हरदेव सिंह से जब इस खेप के संबंध में वैध लाइसेंस या परमिट मांगा गया, तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अवैध डोडाचूरा और लग्जरी कार को जब्त कर लिया।

पूछताछ में जुटे अधिकारी

थाना प्रभारी आयुष क्षोत्रिय ने बताया कि आरोपी हरदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ कांस्टेबल विक्रम, रमेश, रूप सिंह, सूर्य प्रकाश और देवांश की मुख्य भूमिका रही।

Tags:    

Similar News