कांग्रेस अभाव अभियोग प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक 5 अप्रैल को, कार्यकर्ताओं का होगा साक्षात्कार
भीलवाड़ा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण व शहरी) के 'अभाव अभियोग प्रकोष्ठ' की एक अति आवश्यक बैठक आगामी 5 अप्रैल, रविवार को आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11 बजे मेजा रोड़ पावर ग्रिड स्टेशन के सामने स्थित फार्म पर रखी गई है।
संगठन सृजन और सक्रियता पर जोर
बैठक का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत निस्वार्थ जन कल्याण सेवा से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ताओं को एकजुट करना है। इस दौरान जिला, ब्लॉक एवं इकाई स्तर के उन संभावित पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है, जो आगामी कार्यकारिणी में अपनी भूमिका निभाने के इच्छुक हैं। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों का सानिध्य प्राप्त होगा और नवनियुक्त होने वाले संभावित पदाधिकारियों का साक्षात्कार भी लिया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को मिलेंगे विशेष अधिकार
संगठन का लक्ष्य धरातल से जुड़े ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे लाना है जो जनसमस्याओं के समाधान के लिए समर्पित हों। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों (वर्तमान एवं पूर्व), जिन्होंने कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर पंचायत समिति, जिला परिषद, विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव लड़े हैं, उनके माध्यम से सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा। इन कार्यकर्ताओं को 'अभाव अभियोग प्रकोष्ठ' के माध्यम से विशेष अधिकार दिए जाएंगे, ताकि वे राजकीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से आमजन की समस्याओं का प्रभावी निराकरण करवा सकें।