मेघवंशी समाज की “महामेघ धर्म जागरण यात्रा” का कल होगा आगाज

Update: 2026-03-30 10:24 GMT

मोड़ का निंबाहेड़ा । मेघवंशी समाज के तत्वावधान में आयोजित होने वाली पांच दिवसीय “महामेघ धर्म जागरण यात्रा” का भव्य शुभारंभ मंगलवार, 31 मार्च को प्रातः 9 बजे भीलवाड़ा जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा रामदेव मंदिर, झरना महादेव से किया जाएगा। यह यात्रा सामाजिक जागरूकता, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश लेकर मेवाड़, मगरा, बोराट और मारवाड़ क्षेत्रों के विभिन्न गांवों एवं धार्मिक स्थलों से होकर गुजरेगी।

25 स्थानों और 11 प्रमुख धुणियों से होकर गुजरेगी यात्रा

आयोजन समिति के अनुसार, यह यात्रा 31 मार्च से शुरू होकर 3 अप्रैल 2026 तक चलेगी। यात्रा मार्ग में भीलवाड़ा, राजसमंद, पाली एवं उदयपुर जिलों के लगभग 25 पड़ाव और 11 प्रमुख धुनियाँ शामिल हैं। विभिन्न स्थानों पर समाज द्वारा स्वागत समारोह, संवाद कार्यक्रम और भजन-सत्संग का आयोजन किया जाएगा। यात्रा के दौरान संतों और प्रबुद्धजनों के मार्गदर्शन में सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और शिक्षा के महत्व पर चर्चा की जाएगी।

सामाजिक समरसता और एकता का संदेश

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करना, श्रम-सम्मान और समानता के भाव को जाग्रत करना है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि पूरी यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखा जाएगा और ध्वनि प्रदूषण रहित शांत आयोजन संपन्न किए जाएंगे।

पलासमा में सजेगी पद्मश्री प्रहलाद सिंह टिपाणिया की भजन संध्या

यात्रा के चौथे दिन, 2 अप्रैल को उदयपुर जिले के पलासमा स्थित श्री जरगा जी (नए स्थान) पर एक विशाल भक्ति संध्या का आयोजन होगा। इस अवसर पर देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री प्रहलाद सिंह टिपाणिया निर्गुणी भजनों की प्रस्तुति देंगे। यात्रा का विधिवत समापन 3 अप्रैल को राजसमंद जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल जरगा जी (जुना स्थान) पर आयोजित समारोह के साथ होगा, जिसमें कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शिरकत करेंगे।

Tags:    

Similar News