पेंच के बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव की धूम: स्वर्ण चोला और छप्पन भोग के साथ सजेगा भव्य फूल बंगला
भीलवाड़ा (हलचल)। शहर के ऐतिहासिक पेंच के बालाजी मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में त्रिदिवसीय भव्य महोत्सव का शुभारंभ आज मंगलवार से श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। महोत्सव के दौरान बजरंग बली को स्वर्ण चोला चढ़ाया जाएगा और 101 सवामणी के साथ छप्पन भोग का नैवेद्य अर्पित किया जाएगा।
24 घंटे अखंड रामायण पाठ से गूंजेगा मंदिर
महोत्सव का आगाज आज चैत्र शुक्ला तेरस को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की स्तुति के साथ हुआ। पंडित कृष्ण गोपाल शर्मा (बिजोलिया) एवं पंडित गोपाल दाधीच (सुवाणा) के सानिध्य में 21 विद्वान पंडितों द्वारा अखंड संगीतमय रामायण पाठ शुरू किया गया है, जो बुधवार तक निरंतर चलेगा।
31 हलवाइयों की टीम तैयार करेगी विशाल नुगती प्रसाद
प्रसाद निर्माण के लिए ब्राह्मणों की सरेरी से आए 31 अनुभवी हलवाइयों की टीम मांगीलाल सुखवाल के नेतृत्व में जुट गई है। भट्टी पूजन के साथ शुरू हुए इस कार्य में 25 बोरी शक्कर, 75 टिन घी और 11 बोरी बेसन का उपयोग कर विशाल स्तर पर नुगती तैयार की जा रही है। इसके लिए लकड़ी की दो विशेष भट्टियां बनाई गई हैं।
वृंदावन के कलाकारों द्वारा सजेगा फूल बंगला
बजरंग मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार मानसिंहका ने बताया कि पूरे मंदिर परिसर और बाजार को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। उत्सव के आकर्षण का केंद्र वृंदावन के कलाकारों द्वारा तैयार किया जाने वाला भव्य 'फूल बंगला' होगा, जिसमें हनुमान जी महाराज विराजित होंगे।
जन्मोत्सव कार्यक्रम का विवरण (2 अप्रैल 2026):
प्रातः 6:15 बजे: ध्वजा स्थापना एवं 24 घंटे अखंड हनुमान चालीसा पाठ का शुभारंभ।
प्रातः 9:00 बजे: वाल्मीकि सुंदरकांड के साथ दुग्धाभिषेक।
दोपहर 12:00 बजे: स्वर्ण चोला धारण, छप्पन भोग दर्शन और भव्य महाआरती।
सांयकाल: फूल बंगला दर्शन और ख्यातनाम भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुति।
आयोजन को सफल बनाने में नाथूराम अग्रवाल, सुनील मानसिंहका, राजेश अग्रवाल, सुनील सुराणा सहित ट्रस्ट के सभी सेवादार जुटे हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस प्रशासन का सहयोग भी लिया गया है।
