गैस किल्लत की शिकायतों पर एक्शन में विधायक कोठारी: चामुंडा भारत गैस एजेंसी का किया औचक निरीक्षण
भीलवाड़ा। शहर में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आ रही बाधा और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए विधायक अशोक कोठारी सोमवार को एक्शन मोड में नजर आए। विधायक कोठारी ने पंचवटी स्थित 'चामुंडा भारत गैस' एजेंसी पर पहुँचकर वितरण व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया और उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुना।
तकनीकी खामियां और ई-केवाईसी बनी देरी की वजह
निरीक्षण के दौरान विधायक ने एजेंसी संचालकों और कर्मचारियों से सिलेंडर वितरण में हो रही देरी का कारण पूछा। इस पर एजेंसी कर्मियों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से कुछ तकनीकी सर्वर की समस्याओं और उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया से जोड़ने के अनिवार्य कार्य के चलते वितरण प्रणाली में थोड़ा विलंब हुआ है। कर्मचारियों ने आश्वस्त किया कि अब व्यवस्थाओं को सुधारा जा रहा है।
उपभोक्ताओं को राहत: 25 दिन में नियमित होगी आपूर्ति
विधायक कोठारी ने मौके पर मौजूद आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी उपभोक्ता को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाया जाए। विधायक ने दावा किया कि 25 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की वेटिंग पूरी तरह समाप्त हो जाएगी और हर पात्र परिवार को समय पर गैस उपलब्ध होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन और एजेंसी स्तर पर किसी भी तरह की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।