धीरज गुर्जर का जन्मदिन मनेगा धूमधाम से, 25 हजार कार्यकर्ताओं के लिए होगा भव्य भोज, प्रदेश स्‍तर पर हुई गौसेवा

Update: 2025-08-14 15:07 GMT
  • whatsapp icon

भीलवाड़ा। कांग्रेस के जुझारू नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर का जन्मदिन इस बार ऐतिहासिक रूप से मनाया जा रहा है। तीन दिवसीय जन्मोत्सव कार्यक्रम के दूसरे दि‍न की शुरुआत गौसेवा के साथ हुई, वहीं स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को उनका जन्मदिन भीलवाड़ा के बाहेतियों की धर्मशाला में बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा।

इस अवसर पर 25 हजार कार्यकर्ताओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें केशरिया हलवा, दूध के लड्डू और जलेबी सहित स्वादिष्ट भोजन परोसा जाएगा। कार्यक्रम स्थल को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगने की उम्मीद है।

गांव-गांव से ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचेंगे कार्यकर्ता

धीरज गुर्जर के जन्मोत्सव में भाग लेने के लिए प्रदेशभर से कार्यकर्ता समूह में पहुंचेंगे। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं। कार्यकर्ता अपने नेता को बधाई देने के साथ उपहार भी भेंट करेंगे।

दूसरे द‍िन गौसेवा के साथ जन्मोत्सव का हुआ आगाज़

जन्मोत्सव के दूसरे दिन प्रदेशभर में धार्मिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत गौसेवा की गई। भीलवाड़ा सह‍ित जहाजपुर से लेकर टोंक, शाहपुरा, आसींद, चाकसू सहित कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौशालाओं में जाकर गौमाता को हरा चारा, लापसी और गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की और गुर्जर की लंबी उम्र की कामना की।

प्रदेश के कई बड़े नेता करेंगे शिरकत

गुर्जर को बधाई देने के लिए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, डॉ. चन्द्रभान सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश के वर्तमान एवं पूर्व विधायकों के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच एकता और समर्पण का परिचायक बनकर उभरा है।

धार्मिक और सामाजिक समर्पण की मिसाल बना आयोजन

स्वामी महा मंडलेश्वर बालक नंद जी महाराज, स्वामी सेवानंद जी महाराज समेत कई संत-महात्माओं ने भी गौसेवा में भाग लेकर धीरज गुर्जर के दीर्घायु होने की कामना की। इससे यह आयोजन न सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम बल्कि धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा का संगम बन गया है।


Tags:    

Similar News