आसींद (हलचल)। थाना क्षेत्र के सोपुरा गांव में बीती रात चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए घर के बाहर खड़ी एक मारुति ईको कार पार कर ली। चोरी की यह पूरी वारदात पास ही स्थित एक होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिड़ा का बाडिया निवासी हेमसिंह (50) पुत्र पूर्णसिंह रावत ने आसींद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने बताया कि उन्होंने 4 फरवरी 2026 की शाम को अपनी ईको कार घर के बाहर पार्क की थी। 5 फरवरी की देर रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोरों ने वाहन पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित हेमसिंह ने बताया कि घटना का पता चलने पर उन्होंने आसपास के क्षेत्र में काफी तलाश की, लेकिन गाड़ी का कहीं सुराग नहीं लगा। जब पास ही स्थित एक होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो उसमें अज्ञात व्यक्ति गाड़ी ले जाते हुए नजर आए। पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द वाहन बरामद करने की गुहार लगाई है। आसींद पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।