कटार गांव में खेतों में लगे ट्रांसफॉर्मरों से सैकड़ों लीटर तेल चोरी

Update: 2025-12-23 07:09 GMT

भीलवाड़ा। आसींद उपखंड के कटार गांव में सोमवार देर रात चोरों ने किसानों की मेहनत पर बड़ा वार करते हुए कृषि कनेक्शन से जुड़े विद्युत ट्रांसफॉर्मरों को निशाना बनाया। रात के अंधेरे में हुई इस वारदात में सैकड़ों लीटर ट्रांसफॉर्मर ऑयल चोरी कर लिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।

सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो ट्रांसफॉर्मरों की हालत देख हैरान रह गए। चोरों ने आरी ब्लेड की मदद से ट्रांसफॉर्मरों के निचले हिस्से में कट लगाकर तेल निकाला। ग्रामीण अंचल कटार क्षेत्र में 8 से अधिक विद्युत ट्रांसफॉर्मरों से तेल चोरी होने की पुष्टि हुई है।

किसान संग्राम सिंह ने बताया कि 100 केवीए से छोटे ट्रांसफॉर्मरों में लगभग 70 से 80 लीटर तेल होता है, जबकि बड़े ट्रांसफॉर्मरों में करीब 150 लीटर तेल भरा रहता है। तेल चोरी के बाद यदि ट्रांसफॉर्मर जल जाता है तो उसे ठीक कराने या बदलने में 20 से 40 हजार रुपए तक का खर्च आता है।

तेल चोरी के कारण कई ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए हैं, जिससे खेतों और आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली नहीं होने से किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और फसलों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।

घटना की सूचना किसानों ने विद्युत विभाग आसींद को दे दी है। साथ ही पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की गई है। किसानों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मरों को शीघ्र बदलने और पर्याप्त तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी अपील की है।

Similar News