कोटड़ी में तेजाजी मंदिर पर 25 को लीलन घोड़ी स्थापना महोत्सव, प्रधान कुंड की बोली 1.72 लाख में छूटी

Update: 2026-01-23 07:34 GMT

आकोला (रमेश चंद्र डाड)। धर्मनगरी कोटड़ी के तेजाजी चौक स्थित लोक देवता श्री वीर तेजाजी महाराज के मंदिर में 25 जनवरी को आयोजित होने वाले लीलन घोड़ी स्थापना महोत्सव को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह चरम पर है। महोत्सव से पूर्व आयोजित हवन कुंड की बोलियों में प्रधान कुंड की सर्वाधिक बोली 1 लाख 72 हजार 100 रुपए में छूटी, जो धायलो का खेड़ा निवासी कैलाश जाट पुत्र उदयलाल जाट के नाम रही। वे सपरिवार हवन व पूर्णाहुति के मुख्य यजमान होंगे।

सकल हिन्दू समाज कोटड़ी के बाला तेली ने बताया कि 25 जनवरी को कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 07:15 बजे श्री चारभुजा मंदिर से भव्य कलश यात्रा से होगी। इसके बाद 08:15 बजे से हवन व पूर्णाहुति, वहीं दोपहर 12:15 बजे शुभ मुहूर्त में लीलन घोड़ी की मूर्ति स्थापना की जाएगी। भोजन प्रसादी का आयोजन दोपहर 12:15 से सायं 04:00 बजे तक तेजाजी चौक स्थित शिवालय के पास रहेगा।

भक्तों का दान–योगदान बना आयोजन की ताकत

स्थापना महोत्सव को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सकल समाजों के श्रद्धालुओं ने दान–योगदान कर आयोजन को सहयोग प्रदान किया है। दान में मूंगफली तेल, शक्कर, आटा, नमक, मिर्च, हल्दी सहित अन्य खाद्य सामग्री के साथ नकद राशि भी भेंट की गई है। आयोजकों ने बताया कि प्राप्त सामग्री का उपयोग हवन, प्रसादी एवं भोजन व्यवस्था में किया जाएगा, जो सामाजिक एकजुटता और आस्था का प्रतीक है।

महोत्सव के तहत 23 जनवरी को पन्ना लाल एण्ड पार्टी (सोपुरा) द्वारा बगड़ावत प्रस्तुति दी जाएगी, जबकि 24 जनवरी की रात भव्य जागरण एवं अलगोजा पार्टी का आयोजन होगा। कार्यक्रम में श्री श्री 1008 महंत श्री दीपक पुरी जी महाराज (सरसडी मठ) का सानिध्य भी प्राप्त होगा।

Tags:    

Similar News