रिहायशी इलाके में कचरे के अंबार से जनजीवन त्रस्त, नगर निगम की अनदेखी पर फूटा गुस्सा

Update: 2026-03-30 06:44 GMT

भीलवाड़ा (हलचल)। शहर के तिलक नगर सेक्टर आठ स्थित तेजसिंह सर्किल क्षेत्र में नगर निगम की लापरवाही के चलते स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है। रिहायशी इलाके के बीचों-बीच पार्क की प्रस्तावित भूमि को नगर निगम ने कचरा डंपिंग यार्ड (ट्रेचिंग ग्राउंड) में तब्दील कर दिया है, जिससे उठते धुएं और सड़न ने लोगों का दम घोंट रखा है।

गंदगी और मच्छरों का प्रकोप: स्थानीय निवासी पिंकी सोनी ने बताया कि क्षेत्रवासी चारों तरफ गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं। जिस स्थान पर पार्क विकसित होना चाहिए था, वहां निगम द्वारा शहर भर का कचरा लाकर इकट्ठा किया जा रहा है। इस गंदगी के कारण पूरे क्षेत्र में मच्छरों का आतंक बढ़ गया है और असहनीय बदबू से घर के अंदर बैठना भी मुश्किल हो गया है। शिकायत के बाद भी निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

कलेक्टर तक पहुंची शिकायत, समाधान शून्य: क्षेत्र के अरुण कुमार नराणीवाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि तेज सिंह सर्किल के पास नगर निगम ने अघोषित कचरा डिपो बना दिया है। यहां न केवल कचरे की बदबू है, बल्कि आवारा कुत्तों का जमावड़ा रहने से बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना खतरनाक हो गया है। नराणीवाल ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर निगम कमिश्नर और जिला कलेक्टर तक को लिखित में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला।

धुएं और बीमारी का खतरा: कचरे के ढेरों में अक्सर सुलगती आग और उससे निकलने वाले जहरीले धुएं ने सांस के मरीजों के लिए संकट खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस ट्रेचिंग ग्राउंड को यहां से नहीं हटाया गया और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो उन्हें उग्र आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ेगा।

Tags:    

Similar News