सनातन मंगल महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प, नगर की सभी जाति–बिरादरी की बैठक संपन्न

Update: 2026-02-10 14:35 GMT

भीलवाड़ा। 19 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर नगर में तैयारियां अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी हैं। इसी कड़ी में सनातन समाज की विभिन्न जाति–बिरादरियों की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में संपन्न हुई, जिसमें महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा पर गंभीर मंथन किया गया और आयोजन को ऐतिहासिक व अभूतपूर्व बनाने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया। बैठक में उपस्थित सनातन समाज की सभी जाति–बिरादरी के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि यह महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, एकता और सामाजिक समरसता का महाकुंभ होगा। समाज के प्रत्येक वर्ग ने तन–मन से योगदान देने का दृढ़ निश्चय व्यक्त किया।

महोत्सव की सफलता में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए बताया गया कि मातृशक्ति की बैठक 11 फरवरी 2026 को सायं 4:00 बजे हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में महिलाओं को आयोजन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं व व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिससे महोत्सव की व्यवस्थाएं और अधिक सशक्त व सुव्यवस्थित हो सकें। स्वच्छता, अतिथि सत्कार, प्रसाद व्यवस्था, अनुशासन, सुरक्षा, सजावट एवं प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न दायित्व सनातन समाज के लोगों को सौंपे गए, ताकि आयोजन के प्रत्येक पक्ष में समर्पण और सेवा की भावना झलके। स्वामी जी ने कहा कि सनातन मंगल महोत्सव के माध्यम से धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा और यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। बैठक का समापन एकता, सेवा और संकल्प के भाव के साथ हुआ, जिसमें सभी ने आयोजन को भव्य सफलता तक पहुंचाने का प्रण लिया। सनातन समाज की यह एकजुटता महोत्सव को निश्चित ही ऐतिहासिक ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

Tags:    

Similar News