आटूण ग्राम सभा में नहीं पहुंचे सरपंच और सचिव, ग्रामीणों ने जताया विरोध

Update: 2025-10-04 07:00 GMT

आटूण। ग्राम पंचायत आटूण में प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभा में ना तो सरपंच पहुंचे और ना ही पंचायत सचिव, जिससे ग्रामीणों में रोष फैल गया। गांव के लोग जब सभा में पहुंचे तो वहां किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की गैरमौजूदगी ने सभी को हैरान कर दिया।

ग्रामीण छोटूलाल बलाई ने भीलवाड़ा हलचल को बताया क‍ि 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभा में ना तो सरपंच  और ना ही पंचायत सचिव पहुंचे। ग्रामीणों ने जब इसका विरोध किया तो कुछ लोगों ने दावा किया कि लादूलाल जाट सरपंच हैं, जबकि विकास अधिकारी से बातचीत करने पर उन्होंने नारायणी देवी गाडरी को पंचायत की सरपंच बताया। इससे गांव में भ्रम की स्थिति बन गई है। कई वार्ड पंचों को भी यह जानकारी नहीं थी कि ग्राम सभा आयोजित हो रही है।

इस अव्यवस्था के कारण ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी दर-दर भटकना पड़ रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने विकास अधिकारी से बात की, लेकिन अधिकारी ने बताया कि नारायणी देवी की पंचायत समिति से आरडी (रजिस्ट्रेशन) अब तक नहीं खोली गई है।

स्थिति यह है कि गांव के लोगों को यह तक स्पष्ट नहीं कि उनका असली सरपंच कौन है। इस प्रशासनिक लापरवाही और पारदर्शिता की कमी ने पंचायत कार्यों को बाधित कर रखा है और ग्रामीणों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस स्थिति को जल्द से जल्द स्पष्ट किया जाए और ग्राम पंचायत को सुचारू रूप से चलाया जाए।

Similar News