आकोला (रमेश चंद्र डाड)। बाणमाता शक्ति पीठ गोवटा बांध पर आयोजित होने वाली श्रीमद् भागवत कथा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ प्रारम्भ हुई। अयोध्या में रामलला की प्रतिमा प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर इस कथा आयोजन की शुरुआत की गई। कथा के शुभारंभ से पूर्व मेनाली नदी से भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
बाणमाता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि 22 से 28 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली इस संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा में कथा वाचक प्रेमनारायण महाराज गेहूंखेड़ी द्वारा कथा का वाचन किया जा रहा है। उन्होंने भागवत कथा के माहात्म्य पर प्रकाश डालते हुए इसे सभी ग्रंथों में श्रेष्ठ ग्रंथ बताया। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक किया जाएगा, जिसका समापन 28 जनवरी बुधवार को होगा।
कथा आयोजन से पूर्व बुधवार को विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने बाणमाता शक्ति पीठ पहुंचकर कथा स्थल पर लगाए गए पांडाल में लगभग दो घंटे तक रुककर समस्त तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ निवर्तमान जिला परिषद सदस्य हरिलाल जाट, मांडलगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष संजय डांगी, मनोज सनाढ्य, निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य धनराज जाट सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
गुरुवार प्रातः 8 बजे 251 महिलाओं द्वारा सिर पर कलश धारण कर मंगलगान गाते हुए भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ मेनाली नदी से प्रारंभ होकर मेला प्रांगण, मंदिर परिसर होते हुए कथास्थल तक पहुंची। कलश यात्रा में एक सौ से अधिक प्रभात फेरियों का महासंगम देखने को मिला।
कथा आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के उपाध्यक्ष अमरनाथ योगी, महामंत्री अमित जोशी, कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, शंभू सिंह शक्तावत, भगवत सिंह, नारायणलाल धाकड़, मोहनलाल धाकड़, घीसू सिंह, सत्यनारायण सुथार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य नारायणलाल गुर्जर, छीतरमल सुथार, खाना धाकड़, धनराज कुमावत, लादूलाल कुमावत, रमेश चंद्र धाकड़, कैलाश धाकड़, हजारीलाल खटीक, उम्मेद सिंह सहित व्यवस्थापक प्रमोद कुमार धाकड़, कैशियर प्रदीप कुमार पोरवाल, देवीलाल साहू, अनुराग पाराशर, मोहनलाल गुर्जर सहित अनेक कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं।
