नाकाबंदी तोड़कर भागी कार, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा; 3 किलो से अधिक अफीम बरामद

Update: 2026-03-09 20:50 GMT



भीलवाड़ा । जिले के रायला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 किलो 02 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को रायला थाना पुलिस द्वारा भीलवाड़ा-गुलाबपुरा मार्ग पर थाना के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान भीलवाड़ा की तरफ से आ रही एक सफेद कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से नाकाबंदी तोड़ दी और रायला की तरफ भाग निकला।

संदेह होने पर पुलिस टीम ने तुरंत कार का पीछा शुरू कर दिया। कार चालक ने नेशनल हाईवे की ओर तेजी से वाहन दौड़ाया, लेकिन लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे रायला थाना के सामने ही घेरकर रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर चालक सीट पर बैठे राजप्रीत सिंह (30) निवासी हररायपुर, थाना नहियावाला, जिला भटिंडा (पंजाब) के पास से दो प्लास्टिक थैलियों में 3 किलो 02 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मादक पदार्थ सहित कार को जब्त कर लिया।

इस संबंध में रायला थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Similar News