उत्तर क्षैत्र के झूलेलाल मंदिर में पंच परमेश्वर मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा 23 को
भीलवाड़ा । सिंधी समाज सेवा संस्थान (उत्तर क्षैत्र) द्वारा आर.सी.व्यास नगर स्थित सिंधु भवन परिसर में नव निर्मित झूलेलाल मंदिर में गुरूवार से पंच परमेश्वर मूर्तियों की दो दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य समारोह आयोजित होगा। संस्थान के अध्यक्ष लालचंद नथरानी ने बताया कि गुरूवार सुबह भगवान झूलेलाल सहित पंच परमेश्वर प्रतिमाओं का अभिषेक एवं हवन-कीर्तन कर समाजजनों एवं महिलाओं की कलश शोभायात्रा निकाली जायेगी। शोभायात्रा में पुरूष व महिलाएं निर्धारित ड्रेस कोड में सम्मिलित होंगे। शाम को शहर के विभिन्न झूलेलाल मंदिरों से अखण्ड जोत लाई जाकर बहराणा साहिब का आयोजन किया जायेगा। साथ ही भजन मंडली द्वारा भगवान झूलेलाल एवं अन्य देवी-देवताओं की स्तुति में भजन इत्यादि गाये जा कर व छैज नृत्य कर पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया जायेगा। तत्पश्चात सभी भक्तों में हथ-प्रसादी वितरित की जायेगी।
महामंत्री सुनील हेमराजानी ने बताया कि शुक्रवार प्रातः मंदिर में सिंधी समाज के आराध्य देव वरूणावतार भगवान झूलेलाल, राधा-कृष्ण, माता रानी, राम-दरबार व शिव परिवार की मूर्तियां स्थापित कर उनकी पूरे विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की जायेगी। तत्पश्चात दोपहर में सभी श्रद्धालु समाजजनों के लिये भण्डारा-प्रसादी का आयोजन रहेगा। इस दो-दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में गोविंद धाम के महंत गणेशदास, इच्छापूर्णी माता मंदिर की पारी माता एवं अन्य संत-महात्माओं सहित समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों, मोतबिरों एवं विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का सानिध्य प्राप्त होगा। समारोह के प्रति समाजजनों में काफी उत्साह का माहौल बना हुआ है।