मातृशक्ति संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन
भीलवाड़ा - आदर्श नगर बस्ती में आयोजित ’विराट हिन्दू सम्मेलन’ के तत्वावधान में मातृशक्ति संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
सम्मेलन के अध्यक्ष राजेन्द्र जागेटिया ने जानकारी दी कि शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 21 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक पांच दिवसीय विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मातृशक्ति के लिए विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बस्ती की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
खेलकूद प्रभारी संजय पाराशर ने विजयी प्रतिभागियों की घोषणा करते हुए बताया कि- रस्साकशी: इस रोमांचक मुकाबले में ’रानी लक्ष्मी बाई’ टीम प्रथम और ’झांसी की रानी’ टीम द्वितीय स्थान पर रही। मटकी फोड़: रिंकू वर्मा ने प्रथम और प्रेम बाई गाडालिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कुर्सी दौड़: स्नेहलता सोनी प्रथम, शिल्पा सोनी द्वितीय और हंसला गोड़ोलिया तृतीय स्थान पर रहीं। चम्मच-नींबू रेस: निरमा खटीक ने प्रथम और सांयरी तेली ने द्वितीय स्थान हासिल किया। गेंद फेंक प्रतियोगिता: गर्विता दाधीच प्रथम और रचना डाड द्वितीय रहीं।
संयोजक गोपाल पाण्डे व सहसंयोजक जगदीश माहेश्वरी ने बताया कि खेलकूद की अगली कड़ी में कल, 23 जनवरी 2026 को शाम 5 बजे से पुरुष वर्ग (17 वर्ष से ऊपर) एवं बालक वर्ग (16 वर्ष तक) की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम का सफल संचालन रतन जैन ने किया।