खीर प्रसाद वितरण कर मनाई प्रभु श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ
भीलवाड़ा |अयोध्या नगरी में प्रभु श्रीराम की नूतन मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर चन्द्र आजाद नगर स्थित सब्जी मंडी चौराहे पर आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभु को 251 किलो खीर का भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम हनुमान धाम के महंत रामदास रामायणी के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। वहीं पंडित अशोक शर्मा पार्षद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में आस्था और एकता का संदेश मिलता है। श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम से सुख समृद्धि की कामना की और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सेवाभावी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।