अलवर: मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, दीवार के पास लकड़ियां रखने पर युवक की गोली मारकर हत्या

Update: 2026-03-12 18:09 GMT


गोविंदगढ़ । अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के बरवाड़ा बास गांव में गुरुवार दोपहर एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। रास्ते के पुराने विवाद और घर की दीवार के पास लकड़ियां रखने को लेकर दो पक्षों में हुई भिड़ंत के दौरान फायरिंग में एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

रास्ते का विवाद और फायरिंग

पुलिस के अनुसार, मृतक सतनाम सिंह (22) के परिवार का अपने ही रिश्तेदार मुख्तियार सिंह और प्रेम सिंह से रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे सतनाम की बहन ने आरोपियों के घर की दीवार से सटाकर कुछ लकड़ियां रख दी थीं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते लाठी-भाटा जंग और फायरिंग में बदल गई।

बहन और चाचा भी हुए लहूलुहान

आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग और लाठियों के हमले में सतनाम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हमले में युवक की बहन, चचेरी बहन और चाचा जोगा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही नसवारी चौकी प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल संजय मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इलाके में तनाव, पुलिस तैनात

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं, लेकिन रास्ते के विवाद ने उनके बीच गहरी रंजिश पैदा कर दी थी।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News