स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में जोरदार ब्लास्ट के बाद भीषण आग, पांच कर्मचारी झुलसे
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के पावर प्लांट-2 (पीबीएस-2) के टर्बाइन सेक्शन में अचानक हुए जोरदार ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में पांच कर्मचारी झुलस गए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
टर्बाइन एरिया में धमाका, 10 फीट ऊपर उठीं लपटें
जानकारी के अनुसार, हादसा 25 मेगावाट टर्बाइन एरिया में हुआ। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि आग की लपटें करीब 10 फीट ऊपर तक उठने लगीं और देखते ही देखते पूरे प्लांट में काला धुआं छा गया। घटना के समय वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने पीछे के रास्ते भागकर अपनी जान बचाई।
नुकसान: प्राथमिक सूचना के मुताबिक, बड़ी संख्या में केबल जलकर खाक हो गए हैं। हालांकि, कुल आर्थिक नुकसान का आकलन अभी किया जाना बाकी है।
दो बीएसपी और तीन ठेका श्रमिक घायल
हादसे की चपेट में आने से पांच कर्मचारी घायल हुए हैं। इनमें दो बीएसपी के स्थाई कर्मचारी और तीन ठेका श्रमिक शामिल हैं।
एक बीएसपी कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर होने की खबर है, जबकि अन्य चार कर्मियों को झुलसने के कारण हल्की और मध्यम चोटें आई हैं।
आधा दर्जन फायर टेंडर मौके पर
आगजनी की सूचना मिलते ही बीएसपी के उच्चाधिकारी और सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुँची। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां तैनात की गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच के लिए प्रबंधन द्वारा कमेटी गठित की जा सकती है।
