लालसोट-कोथून हाईवे पर ट्रक चालकों और आरटीओ टीम में विवाद, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

Update: 2025-09-18 18:19 GMT


लालसोट (दौसा)। लालसोट-कोथून नेशनल हाइवे 148 पर दौलतपुरा मोड़ के पास गुरुवार सुबह ट्रक का चालान करने को लेकर परिवहन विभाग की टीम और ट्रक चालकों के बीच हाथापाई और धक्का-मुक्की हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक-दूसरे के गला पकड़ने की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। बाद में चालान काटने के बाद मामला शांत हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा में आ गई।

दौलतपुरा मोड़ पर आरटीओ टीम ने नियमित जांच के दौरान कई ट्रकों को रोका और उनके कागजात जांचने लगी। इसी दौरान कुछ ट्रक ड्राइवरों ने कार्रवाई का विरोध किया और कहा कि उनके वाहनों में ओवरलोड माल नहीं है, फिर भी उन्हें परेशान किया जा रहा है। इस दौरान एक ड्राइवर ने सरकारी वाहन में चालक की सीट पर बैठे कर्मचारी से कागज मांगे। कर्मचारी कागज नहीं देने पर ड्राइवर ने वाहन का गेट खोलकर चाबी निकाल ली।

आरटीओ कर्मचारी ने ड्राइवर का हाथ पकड़कर चाबी वापस लेने का प्रयास किया। इसी बीच परिवहन निरीक्षक शशिकांत शर्मा ने ड्राइवर का गला दोनों हाथों से दबा दिया। इस पर एक अन्य ट्रक ड्राइवर ने निरीक्षक को धक्का मारते हुए करीब 20 मीटर दूर ले जाकर गला दबाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद निरीक्षक ने धक्का मारने वाले ड्राइवर को गर्दन से पकड़ लिया, जिसे भी वहां मौजूद लोगों ने छुड़ाया।

घटना की सूचना पर झांपदा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाधिकारी सुनील टांक ने बताया कि इस घटना को लेकर अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। प्रशासन और परिवहन विभाग ने कहा है कि आगे जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना हाईवे पर वाहन जांच के दौरान ड्राइवर और कर्मचारियों के बीच तनाव की गंभीरता को दिखाती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद लोगों की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही, कुछ ने ड्राइवरों की प्रतिक्रिया को सामान्य बताया, जबकि कुछ ने कर्मचारियों के काम के तरीके पर सवाल उठाए।

Similar News