राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर और जयपुर बेंच को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, परिसर में मचा हड़कंप

Update: 2026-02-17 09:34 GMT

 जोधपुर/जयपुर  । राजस्थान उच्च न्यायालय की जोधपुर और जयपुर बेंच को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। आज सुबह हाईकोर्ट प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद तुरंत प्रभाव से सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और तलाशी अभियान:

परिसर खाली: धमकी मिलने के तुरंत बाद हाईकोर्ट के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। सुरक्षा के मद्देनजर वकीलों, कर्मचारियों और परिवादियों को कोर्ट रूम से निकालकर सुरक्षित गार्डन एरिया में भेज दिया गया है।

मौके पर टीमें: जोधपुर डीसीपी (पश्चिम) विनीत बंसल की अगुवाई में बम डिस्पोजल स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमें चप्पे-चप्पे को खंगाल रही हैं। यही स्थिति जयपुर बेंच में भी बनी हुई है।

हड़कंप: सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है।

बार-बार मिल रही धमकियां:

उल्लेखनीय है कि राजस्थान हाईकोर्ट को बीते कुछ महीनों से लगातार ईमेल के जरिए धमकियां मिल रही हैं। इससे पूर्व 6 फरवरी 2026 को भी इसी तरह की धमकी के बाद दोनों परिसरों को खाली कराया गया था। बार-बार मिल रही इन धमकियों के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है और वकीलों व आम जनता में भारी रोष व भय का माहौल है।

Similar News