कॉलेज की क्लास में 19 साल की छात्रा को आया हार्ट अटैक, मौके पर ही हुई मौत

Update: 2026-02-12 17:54 GMT


दौसा। राजस्थान के दौसा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ महज 19 साल की एक कॉलेज छात्रा की क्लास रूम में हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। छात्रा कुर्सी पर बैठी थी और अचानक बेहोश होकर नीचे गिर पड़ी।

क्लास रूम में अचानक बिगड़ी तबीयत

कोतवाली थाने की एसआई मनीषा के अनुसार, जीरोता गांव निवासी विनीता बैरवा (19) आगरा रोड स्थित इम्पल्स डिग्री कॉलेज में बीए सेकंड ईयर की छात्रा थी। गुरुवार दोपहर को वह अपनी कक्षा में अन्य विद्यार्थियों के साथ बैठी थी, तभी अचानक वह कुर्सी से नीचे गिर गई।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

कॉलेज प्रशासन तुरंत छात्रा को लेकर जिला अस्पताल पहुँचा। जिला अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट के हेड डॉ. महेंद्र मीणा ने बताया कि जब छात्रा को अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।

परिजनों को सौंपी गई डेडबॉडी

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। इतनी कम उम्र में छात्रा की अचानक मौत से कॉलेज के छात्र और स्टाफ सदमे में हैं।

Similar News