युवक दूसरी मंजिल से गिरा, हालत नाजुक

Update: 2025-08-20 06:56 GMT

अजमेर। किशनगढ़ में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब डिश केबल का काम करने वाला एक युवक अचानक दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिरे युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे मदनगंज थाना क्षेत्र में हुआ। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें युवक को गिरते हुए देखा जा सकता है।

जानकारी के अनुसार, किशनगढ़ के आजाद नगर निवासी संजय यादव (40) डिश केबल की रिपेयरिंग का काम करता है। मंगलवार को वह मदनगंज थाना क्षेत्र के एक मकान में केबल सुधारने गया था। इस दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया।

संजय के भाई देवानंद यादव ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। संजय को गिरते ही स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि गिरने की वजह क्या रही।

Tags:    

Similar News