निम्बाहेड़ा। राजस्थान में वर्षा ऋतु के दौरान अतिवृष्टि के कारण राज्य के किसानों में अपनी बुवाई की गई उपज की पैदावार को लेकर निराशा व्याप्त है। इस वर्ष हुई अतिवृष्टि से किसानों की फसलों की समय पर गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दिलाने के लिए राज्य के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी जिलों में प्रभारी मंत्रियों एवं जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है।
यह बात पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने गृह क्षेत्र निम्बाहेड़ा-छोटीसादड़ी विधानसभा में अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों के निरीक्षण के दौरान कही। विधायक कृपलानी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों को खराब फसल की समय पर गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दिलाने के लिए उन्होंने स्वयं विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विधायक कृपलानी ने इस दौरान निम्बाहेड़ा उपखण्ड के सतखंडा, चरलिया (भावलिया) सहित छोटीसादड़ी उपखण्ड के धोलापानी, सियाखेड़ी, ईंटों का तालाब, हरमाला की रेल, भाटखेडा, अम्बावली, बसेड़ा, महुडिया आदि गांवों में किसानों से भेंट कर फसलों के बारे में जानकारी ली तथा अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों का खेतों में पहुंचकर निरीक्षण किया।
निम्बाहेड़ा क्षेत्र में दौरे के दौरान विधायक कृपलानी के साथ पूर्व विधायक अशोक नवलखा, जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, निम्बाहेड़ा पंचायत समिति प्रधान बगदीराम धाकड़, निम्बाहेड़ा उपखण्ड अधिकारी विकास पंचौली, निम्बाहेड़ा तहसीलदार घनश्याम जरवार, निम्बाहेड़ा पूर्वी मण्डल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम मण्डल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, निम्बाहेड़ा नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बुनकर आदि मौजूद रहे, वहीं छोटीसादड़ी उपखंड क्षेत्र में विधायक कृपलानी के साथ प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, छोटीसादड़ी उपखण्ड अधिकारी यतीन्द्र पोरवाल, छोटीसादड़ी तहसीलदार राजकुमार, छोटीसादड़ी पूर्वी मण्डल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, पश्चिम मण्डल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, पूर्व मण्डल अध्यक्ष रमेश गोपावत, वरदीचंद धाकड़ आदि सहित क्षेत्र के गिरदावर, पटवारी एवं ग्रामीण किसान मौजूद रहे।