चित्तौड़गढ़ भारतीय जनता पार्टी जिला चित्तौड़गढ़ की वृहद जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को ओछड़ी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर भाजपा राजस्थान के मुखिया मदन राठौड़ के मुख्य आतिथ्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। चित्तौड़गढ़ भाजपा की मजबूत टीम है और अब समय आ गया है कि कार्यकर्ताओं को उनके संघर्ष और मेहनत के अनुसार उचित प्रतिनिधित्व मिले। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि उक्त विचार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने चित्तौड़गढ़ जिले की कार्य समिति को संबोधित करते हुए कही राठौड़ ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कार्यकर्ताओं ने खून-पसीना बहाया, विरोधियों से सीधी टक्कर ली और पार्टी को मजबूती दी। अब यह जिम्मेदारी नेतृत्व की है कि जो भी पदाधिकारी जिस काबिल है, उन्हें उसी हिसाब से टिकट और दायित्व देकर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यकर्ता को यह चिंता नहीं करनी चाहिए कि टिकट किसे मिलता है, बल्कि भाजपा के उम्मीदवार को हर हाल में जीताना ही असली जिम्मेदारी है।
प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि पंचायत से लेकर प्रधान, जिला परिषद, जीएसएस अध्यक्ष, बैंक डायरेक्टर जैसे अनेक चुनाव आने वाले हैं। यदि ढंग से काम किया जाए तो हर कार्यकर्ता को प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा – “पार्टी का सम्मान ही व्यक्तिगत सम्मान है। जब हमारे परिवार का कोई सदस्य सम्मानित होता है तो गर्व हमें भी होता है। चित्तौड़गढ़ जीतता है तो जयपुर में हम गर्व से कहते हैं कि यह हमारी ताकत है। महाराष्ट्र में भाजपा का मुख्यमंत्री बनता है तो हमें भी गौरव होता है।” राठौड़ ने कहा कि भाजपा में पद कोई साधारण जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नेतृत्व की अपेक्षा पूरी करने का दायित्व है। और उनको जो पद मिला है नेतृत्व के अपेक्षा अनुरूप कार्य करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जागरूक रहें और देश-प्रदेश व विदेश की जानकारी रखें, ताकि गांव की चौपाल और चाय की थड़ी पर चर्चाओं में भाजपा कार्यकर्ता प्रभावी ढंग से अपनी बात रख सके। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश घोटालों से घिरा था। चारा, बोफोर्स, 2जी स्पेक्ट्रम जैसे भ्रष्टाचार ने जनता का विश्वास तोड़ा था। राजीव गांधी तक यह मानते थे कि ₹1 में से केवल 15 पैसे जनता तक पहुंचते हैं। लेकिन मोदी सरकार ने सीधा लाभ जनता तक पहुंचाने की व्यवस्था कर दी है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में नई पहचान बनाई है। जीएसटी, आर्थिक सुधार, महंगाई पर नियंत्रण, रेलवे का आधुनिकीकरण, बुलेट ट्रेन, चंद्रमा पर भारत का झंडा, हर घर सोलर योजना, रोजगार व सहकारिता क्षेत्र में सुधार जैसी उपलब्धियां भारत को विकसित राष्ट्र की ओर ले जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिचौलियों और दलालों को परेशानी हो रही है, इसलिए वे अफवाहें फैला रहे हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं को इनसे प्रभावित नहीं होना है। सांसद सी.पी. जोशी ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को जिले में और मजबूती से काम करना होगा ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पांचों सीटें भाजपा के खाते में जाएं। उन्होंने सेवा कार्यों पर चल रहे सेवा पखवाड़ा अभियान की सराहना की और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। चित्तौड़गढ़ लोकसभा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए जोशी ने कहा कि 1952 में जब पूरे देश में केवल तीन सीटें जीती थीं, तब उनमें से एक सांसद चित्तौड़गढ़ से जनसंघ के बने थे। यह दर्शाता है कि संगठनात्मक रूप से चित्तौड़गढ़ हमेशा से मजबूत रहा है।
जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की प्रशंसा करते हुए कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य मोदी जी के नेतृत्व में निश्चित रूप से पूरा होगा। सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक ने राजस्थान सरकार की डेढ़ वर्ष की विकास यात्रा का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आज 75 लाख किसानों को प्रतिवर्ष ₹6000 सम्मान निधि मिल रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोपालन क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएँ लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता से रोजगार व आर्थिक मजबूती की नई राह खुल रही है। बैठक के प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संगठनात्मक परिप्रेक्ष्य और जिले की सुदृढ़ संरचना का परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत हैं। गाडरी ने बताया कि जिले की सभी मंडलों, शक्ति केन्द्रों व बूथ स्तर तक भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर तक पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों को पहुंचा रहे हैं। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए वे अपनी ऊर्जा संगठन को मजबूत करने में लगाएं। गाडरी ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी चित्तौड़गढ़ का संगठन प्रदेश में नई पहचान बनाएगा।