सुरक्षित भारत पर जन चेतना मंच का व्याख्यान, अश्वनी उपाध्याय ने कानून व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

Update: 2026-01-18 09:17 GMT


चित्तौड़गढ़। जन चेतना मंच संस्थान द्वारा मेरी आवाज मेरा समाधान अभियान के अंतर्गत सुरक्षित भारत विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राष्ट्रवादी चिंतक, आईपीएल मैन ऑफ इंडिया और सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता अश्वनी उपाध्याय रहे। जन चेतना मंच के संस्थापक आईएम सेठिया ने अतिथियों का स्वागत किया।

अपने लगभग डेढ़ घंटे लंबे व्याख्यान में अश्वनी उपाध्याय ने देश की कानून व्यवस्था पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश का कानून लचीला है और अपराधियों को बचाने के लिए बना हुआ है। यदि देश में जस्टिस आधारित सख्त कानून बनाए जाएं तो आधी से अधिक समस्याओं का समाधान हो सकता है, लोगों को न्याय मिलेगा और अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा।

उन्होंने कहा कि देश में लाखों लोगों की मौत विभिन्न कारणों से हो रही है, लेकिन जनसंख्या विस्फोट, बेरोजगारी और घटते रोजगार जैसे गंभीर मुद्दों पर न तो लोकसभा, न राज्यसभा और न ही विधानसभा में गंभीर चर्चा होती है। जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, दुर्घटनाएं, मिलावटखोरी, कुपोषण, उर्वरक घोटाले और जल घोटाले जैसी समस्याएं आम हो गई हैं, लेकिन अपराध करने वाले बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं।

अश्वनी उपाध्याय ने नशाखोरी को लेकर भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जब तक देश में कठोर कानून नहीं बनेंगे, तब तक हालात नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा कि भारत में राम, कृष्ण और अनेक महान विभूतियां हुईं, लेकिन आज भी देश में कलयुग जैसी स्थिति बनी हुई है, जबकि भारत से सीख लेकर अन्य देशों में बेहतर व्यवस्था देखने को मिलती है।

व्याख्यान के दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग शांतिपूर्वक बैठे रहे। अंत में उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि यदि समाज ऐसे ही चुप बैठा रहा तो इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।

देश और समाज से जुड़ी हर बड़ी हलचल से जुड़े रहने के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। अपनी खबरें और सूचनाएं भेजें 9829041455 पर।

Tags:    

Similar News