गाना सुनते-सुनते हेड कॉन्स्टेबल की मौत

Update: 2025-11-27 10:48 GMT

कोटा। गाना सुनते-सुनते एक हेड कॉन्स्टेबल की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत होना सामने आया है। उनके बड़े बेटे की 22 नवंबर को शादी थी। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन हादसे के बाद परिवार सदमे में है।

हेड कॉन्स्टेबल यशवंत सिंह (54) की मौत हुई। उनका बालिता रोड पर घर है। बड़े बेटे शक्ति सिंह ने बताया कि 22 नवंबर को उसकी शादी थी और घर में रिश्तेदार आए हुए थे। हंसी-खुशी का माहौल था। बुधवार शाम को यशवंत सिंह खाना खा रहे थे और मां से गाना लगाने को कहा। मां ने उनकी फरमाइश का गाना लगाया।

गाना सुनते-सुनते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत कोटा हार्ट हॉस्पिटल लेकर गए, वहां से एमबीएस हॉस्पिटल रेफर किया गया। ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें चेक कर मृत घोषित कर दिया। हेड कॉन्स्टेबल के पहले कोई बीमारी नहीं थी। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं।

कुन्हाड़ी थाना हेड कॉन्स्टेबल पदम सिंह ने बताया कि यशवंत सिंह पुलिस लाइन में तैनात थे। फिलहाल कलेक्ट्रेट में गार्ड लगे हुए हैं। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव सौंपा जाएगा। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत होना बताया गया है।

Tags:    

Similar News