कोटा: तलवंडी में सीवरेज कार्य के खिलाफ 'आप' का हल्लाबोल, ब्लास्टिंग से मकानों में दरार का खतरा

Update: 2026-03-17 10:50 GMT

कोटा । शहर के तलवंडी वार्ड-71 के सेक्टर-2 और 3 में चल रहे सीवरेज कार्य ने अब राजनीतिक और सामाजिक विरोध का रूप ले लिया है। निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन पालीवाल, जिलाध्यक्ष राजू मिश्रा, जिला महासचिव राजेन्द्र मीणा और महिला जिलाध्यक्ष स्वीटी शर्मा ने किया।

जिलेटिन ब्लास्टिंग से दहशत, स्कूलों के पास भी खतरा

प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन पालीवाल ने आरोप लगाया कि रिहायशी इलाके में सीवरेज लाइन के लिए धड़ल्ले से जिलेटिन ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे आसपास के मकानों की नींव हिल गई है। उन्होंने कहा कि धमाकों की आवाज दबाने के लिए उन पर टायर रखे जा रहे हैं, जो कार्य की संदिग्धता को दर्शाता है। वहीं, जिलाध्यक्ष राजू मिश्रा ने राजकीय विद्यालय के पास हो रही ब्लास्टिंग पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि परीक्षाओं के समय बच्चों की जान जोखिम में डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भ्रष्टाचार और तकनीकी विफलता के आरोप

जिला महासचिव राजेन्द्र मीणा ने बताया कि सेक्टर-3 में साल भर पहले डाली गई लाइनें खराब हो चुकी हैं और अब दोबारा खुदाई की जा रही है, जो सीधे तौर पर बजट की बर्बादी है। महिला जिलाध्यक्ष स्वीटी शर्मा ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर स्थानीय लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान किसी भी जिम्मेदार अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से आक्रोश और बढ़ गया।

'आप' की मुख्य मांगें:

पूरे सीवरेज प्रोजेक्ट की ACB से निष्पक्ष जांच हो।

दोषी KDA अधिकारियों और ठेकेदारों पर FIR दर्ज की जाए।

रिहायशी व स्कूल क्षेत्र में ब्लास्टिंग पर तुरंत रोक लगे।

DPR और तकनीकी स्वीकृति की उच्च स्तरीय समीक्षा हो।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता के हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Tags:    

Similar News