सातों संभागों में एक साथ गूंजेगा घूमर का रंग

Update: 2025-10-28 13:11 GMT



 जयपुर।  राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपरा को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने **“घूमर महोत्सव-2025”** के आयोजन की घोषणा की है। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी  की पहल पर यह महोत्सव 19 नवंबर  को राज्य के  सातों संभागीय मुख्यालयों  जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर, भरतपुर और अजमेर — में एक साथ मनाया जाएगा।

पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़  ने मंगलवार को बताया कि कार्यक्रम  शाम 6 बजे  से प्रारंभ होगा। इस दौरान राजस्थान की पारंपरिक  शाही धरोहर “घूमर” नृत्य को नए उत्साह और रंग-रूप के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल लोकनृत्य को प्रोत्साहन देगा बल्कि स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।

रियाड़ ने बताया कि प्रत्येक संभागीय मुख्यालय पर स्थानीय प्रशासन, पर्यटन विभाग और सांस्कृतिक संस्थाओं के सहयोग से मंच तैयार किए जा रहे हैं। महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष **“घूमर प्रतियोगिताएं”** भी आयोजित होंगी, जिनमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

पर्यटन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घूमर महोत्सव राज्य की पहचान को और मजबूत करेगा तथा राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में मददगार साबित होगा।

इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा, लोकसंगीत, हस्तशिल्प प्रदर्शनी और क्षेत्रीय व्यंजन के स्टॉल भी आकर्षण का हिस्सा रहेंगे।


 

Tags:    

Similar News