शक्करगढ़ व आसपास के गांवों में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई, मंदिरों में सजी आकर्षक झांकियां
शक्करगढ़ सांवरिया। क्षेत्र के शक्करगढ़ सहित आसपास के ग्रामों में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया।कस्बे के **चारभुजा मंदिर, हनुमान धाम, रामदेव भंडारा** सहित विभिन्न मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जिन्हें देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे।
सायंकाल से ही मंदिरों में भजनों की सुरमयी गूंज ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के पावन क्षण पर जैसे ही आरती हुई, पूरा माहौल जयकारों से गूंज उठा।भक्तों ने पिंजरी, दही, केले व सूखे मेवों का प्रसाद वितरित किया और एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे देर रात तक मंदिरों में दर्शन एवं झांकियों का आनंद लेते रहे।अगली सुबह भी पूजा-अर्चना का क्रम जारी रहा। ग्रामीणों ने भोग एवं सीधा (आटा आदि सामग्री) अर्पित किया। वहीं ग्राम बृज की डूंगरी स्थित महादेव मंदिर में लोकेश, ओमप्रकाश पुजारी, सुरेश भारद्वाज सहित कई ग्रामीणों ने विशेष सजावट कर वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।