एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने किया बनेड़ा थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

Update: 2026-04-02 07:29 GMT

बनेड़ा (के.के. भंडारी)। भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बुधवार को बनेड़ा पुलिस थाने का वार्षिक निरीक्षण कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। थाना परिसर पहुँचने पर पुलिस बल द्वारा एसपी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर सलामी दी गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना रिकॉर्ड, मालखाना और बैरकों की स्थिति देखी।

थानाधिकारी बछराज चौधरी ने बताया कि एसपी यादव ने निरीक्षण के बाद महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग ली। बैठक में थाने में दर्ज प्रकरणों, निस्तारित मामलों और लंबे समय से लंबित परिवादों की बिंदुवार समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस के मूल ध्येय “अपराधियों में डर, आमजन में विश्वास” को चरितार्थ करने के लिए कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से नए कानूनों की बारीकियों से पुलिसकर्मियों को अवगत कराया और विवेचना में तकनीक के प्रयोग पर जोर दिया।

एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर किसी भी प्रकार की नरमी न बरती जाए। बैठक के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर शाहपुरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, डिप्टी ओम प्रकाश बिश्नोई और थानाधिकारी सहित एसपी कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

Tags:    

Similar News