बनेड़ा में विराट हिंदू सम्मेलन भव्यता के साथ संपन्न, हजारों की संख्या में उमड़ा जनसैलाब
बनेड़ा (केके भंडारी)। बनेड़ा कस्बे में पूर्णिमा रविवार को पुलिस थाने के पास स्थित खेल मैदान में विराट हिंदू सम्मेलन भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। आयोजन समिति के भगवान सिंह पडिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार 1 फरवरी को यह विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा से हुआ, जिसमें स्थानीय कस्बे सहित आसपास के 14 गांवों के ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुराने बस स्टैंड स्थित सत्यनारायण भगवान मंदिर से सुबह 11.15 बजे बैंड-बाजों के साथ कलश यात्रा प्रारंभ हुई। इस यात्रा में 1100 से अधिक मातृ शक्तियों ने मंगल कलश धारण किए हुए थे, वहीं करीब 5000 से अधिक महिला-पुरुष शोभा यात्रा में शामिल हुए।
कलश यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई आगे बढ़ी। भारी जनसमूह की उपस्थिति ने इस यात्रा को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। जहां तक नजर जाती, वहां तक कलश धारण किए मातृ शक्ति और पुरुष दिखाई दे रहे थे। पूरा कस्बा संगीतमय और आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया। जगह-जगह ग्रामवासियों द्वारा पुष्प वर्षा की गई। आसपास के गांवों से आए हजारों श्रद्धालु भजन गाते और रामधुनी करते हुए शोभा यात्रा में सम्मिलित हुए।
यह यात्रा पुराने बस स्टैंड से प्रारंभ होकर रैगर मोहल्ला, माली मोहल्ला, बैरवा मोहल्ला, अजमेरी गेट स्थित सीताराम जी मंदिर, चोखी बावड़ी, नाथ कुई, भोई मोहल्ला, अक्षय भवन, सदर बाजार, नया बस स्टैंड होते हुए पुलिस थाने के पास स्थित खेल मैदान पहुंची, जहां जनसभा के रूप में विराट हिंदू सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में लगभग 8 से 10 हजार लोगों की उपस्थिति रही।
सम्मेलन के भव्य मंच पर मुख्य वक्ता हनुमान सिंह, घनश्याम माणमिया, संरक्षक राजाधिराज गोपाल चरण सिसोदिया, जनसु दीदी एवं अध्यक्ष सुरेश माली मंचासीन रहे। वक्ताओं ने कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, एकता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र प्रेम जैसे विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखे।
आयोजन समिति के संरक्षक राजाधिराज गोपाल चरण सिसोदिया ने बाहर से पधारे अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। मंच संचालन कार्यक्रम संयोजक गिरीश पाटोदिया द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं एवं दुर्गा शक्ति अखाड़ा द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही धार्मिक, सामाजिक और पर्यावरण क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का सम्मान किया गया।
संत-महात्माओं एवं वक्ताओं के उद्बोधन के पश्चात सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया। इस दौरान बनेड़ा कस्बे सहित आसपास के 14 गांवों से आए लगभग 10 हजार सर्व समाज के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर 3.15 बजे शुरू हुआ सामूहिक भोजन रात्रि 10 बजे तक चला।
आयोजन समिति ने बताया कि इस विराट हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सकल हिंदू समाज को एकजुट करना और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
