हादसों में महिला और किसान की मौत: कपड़े धोते समय गिरने से महिला ने तोड़ा दम, खेत पर बिगड़ी किसान की तबीयत
भीलवाड़ा। जिले में मौत के दो दर्दनाक मामले सामने आए हैं। कोटड़ी क्षेत्र में घर पर काम के दौरान गिरने से एक महिला की जान चली गई, वहीं हमीरगढ़ इलाके में खेत पर काम करते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से एक किसान की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाजीवास: कपड़े धोते समय गिरने से महिला की मौत
महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) पुलिस चौकी के अनुसार, कोटड़ी थाने के हाजीवास गांव निवासी सदा कंवर (36) पत्नी पृथ्वीसिंह राणावत अपने घर पर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान वे अचानक संतुलन बिगड़ने से गिर पड़ीं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हमीरगढ़: खेत पर काम करते समय किसान की थमी सांसें
दूसरी घटना हमीरगढ़ थाना क्षेत्र की है, जहाँ रामलाल रैगर (56) अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे। काम के दौरान ही उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस अब इन दोनों मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है।