कुओं से मोटर चुराने वाली गैंग का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार, बरामदगी के प्रयास तेज
भीलवाड़ा । क्षेत्र में कुओं से सिंचाई मोटरें चुराने वाले शातिर गिरोह के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले की तहकीकात करते हुए दो आरोपियों को धरदबोचा है, जिन्होंने क्षेत्र के तीन अलग-अलग कुओं से मोटरें पार करने की वारदात कबूल की है।
नारायणलाल की रिपोर्ट पर हरकत में आई पुलिस:
मामले की जांच कर रहे दीवान भवानीसिंह ने बताया कि कोट निवासी नारायणलाल गुर्जर ने अपने और आसपास के तीन कुओं से मोटर चोरी होने का मामला दर्ज करवाया था। किसान की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी शिंभूदयाल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार:
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और संदिग्धों पर नजर रखने के बाद आसूणा निवासी दिनेश (27) पुत्र हजारी सालवी और तुलसीराम उर्फ काना (22) पुत्र नारायण सालवी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि इन आरोपितों ने रायपुर क्षेत्र में हुई तीनों वारदातों को कबूल कर लिया है।
होगी कड़ी पूछताछ और बरामदगी:
पुलिस अब इन आरोपितों से गहनता से पूछताछ कर चोरी की गई मोटरें बरामद करने के प्रयास कर रही है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में दीवान भवानी सिंह, कांस्टेबल मुकेश, विनोद, सांवर व गोरखाराम शामिल रहे। किसानों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।