युवती से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने वाला आरोपित गिरफ्तार, परिजनों को भेजे थे फोटो
भीलवाड़ा। एक युवती को झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर परिजनों को भेजने और धमकियां देने के आरोपित को रायपुर पुलिस ने धरदबोचा है। पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज करवाए गए मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
नौकरी के दौरान बनाया निशाना:
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीया पीड़िता पूर्व में राजसमंद जिले में जॉब करती थी। वहीं भूपेंद्र सिंह राठौड़ (25) भी काम करता था। इसी दौरान भूपेंद्र ने युवती को बहलाया और उसके साथ कई बार ज्यादती की। आरोपित ने धोखे से युवती के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।
परिजनों को अश्लील फोटो भेजकर दी धमकियां:
जब इस घटना का पता युवती के परिजनों को चला, तो उन्होंने पीड़िता को घर पर रखा। इससे नाराज होकर आरोपित भूपेंद्र सिंह ने युवती पर बात करने का दबाव बनाया। बात नहीं मानने पर आरोपित ने परिजनों को अश्लील फोटो-वीडियो भेजे और उन्हें डराया-धमकाया।
पुलिस ने आरोपित को दबोचा:
आरोपित की प्रताड़ना से तंग आकर युवती के पिता ने 4 मार्च को रायपुर थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भूपेंद्र सिंह राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपित से सघन पूछताछ कर रही है।