पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 लाख रुपये की अवैध स्मैक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 लाख रुपये मूल्य की अवैध स्मैक जब्त की है। इस कार्रवाई में 55.47 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जो अवैध रूप से तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी।
पुलिस थाना बिजौलिया क्षेत्र में एनएच-27 पुरोहितों का खेड़ा के पास गश्त के दौरान मिली पुख्ता मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई।
मौके पर दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े मिले, जिनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से मनोज पुत्र जयपाल बंजारा निवासी मालीपुरा चौराहा बिजौलिया तथा राकेश माली पुत्र मोतीलाल माली निवासी मालीपुरा चौराहा बिजौलिया को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी लंबे समय से स्मैक तस्करी में संलिप्त होने की आशंका जताई जा रही है।
बरामद स्मैक को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस द्वारा प्रकरण में गहन अनुसंधान जारी है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
