राजस्थान सहित15 राज्यों में शीतलहर, पारा 5 डिग्री तक लुढ़का;

Update: 2024-12-15 02:13 GMT

उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं के प्रभाव से दिल्ली, यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सर्दी के तेवर और तीखे हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में घना कोहरा भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार व शनिवार के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिल्ली के कई इलाकों में शीत लहर की चेतावनी जारी की थी।

देश के 15 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के कई इलाकों में शीतलहर चलने के साथ उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का आगाज हो गया है। मैदानी राज्यों में बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री तक पहुंच गया। राजस्थान और पंजाब में कुछ स्थानों पर तो पारा शून्य के नीचे दर्ज किया गया। पंजाब और मध्य प्रदेश में बेहद ठंडी हवाएं चल रही हैं।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, बिहार, महाराष्ट्र के विदर्भ, सौराष्ट्र और गुजरात के कच्छ के ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप है। ठंड ने दक्षिणी और तटीय भारत के अलावा अन्य क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम न्यूनतम तापमान पंजाब के आदमपुर में 0.7 डिग्री दर्ज किया गया। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में यह 1.3 और माउंट आबू में 1.4 डिग्री तक पहुंच गया। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान और विदर्भ में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अन्य स्थानों पर भी न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई है। पूर्वोत्तर भारत के मणिपुर और मेघालय के कुछ इलाकों में बेहद घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता 50 से 200 मीटर दर्ज की गई। मैदानी राज्यों में हालांकि अभी घने कोहरे से राहत है।

Tags:    

Similar News