बिहार चुनाव: : पहले फेज की वोटिंग खत्म, 60.13% हुआ मतदान — बेगूसराय में सबसे ज्यादा, शेखपुरा में सबसे कम वोटिंग

Update: 2025-11-06 13:14 GMT



बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार शाम 5 बजे खत्म हो गई। सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान में शाम तक 60.13% वोटिंग दर्ज की गई। सबसे ज्यादा मतदान बेगूसराय जिले में 67.32% और सबसे कम शेखपुरा में 52.36% हुआ। वहीं, राजधानी पटना में 55.02% मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग किया।

अतिसंवेदनशील 56 बूथों पर शाम 5 बजे तक ही वोटिंग कराई गई। ग्रामीण इलाकों में जहां मतदाताओं का उत्साह दिखा, वहीं शहरी मतदाता इस बार कुछ सुस्त नजर आए। राजधानी पटना के शहरी इलाकों में बेहद कम वोटिंग दर्ज की गई — कुम्हरार में 39.52%, दीघा में 39.10% और बांकीपुर में 40% मतदान हुआ।

पहले फेज की वोटिंग खत्म होने के साथ ही 18 जिलों की 121 सीटों पर आज 1314 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई। इनमें से 104 सीटों पर सीधा मुकाबला और 17 सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई देखने को मिली। बिहार की कुल 243 सीटों पर दो चरणों में चुनाव हो रहे हैं, जिनके नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

इस चरण में 2 डिप्टी सीएम समेत 18 मंत्रियों की साख दांव पर है। हॉट सीटों में तेजस्वी यादव (राघोपुर), तेजप्रताप यादव (हसनपुर), सम्राट चौधरी (परबतिया), विजय कुमार सिन्हा (लखीसराय) और अनंत सिंह (मोकामा) जैसी चर्चित सीटें शामिल हैं।


आज की बड़ी घटनाएँ

बेगूसराय में रिकॉर्ड मतदान: जिले में महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं, युवाओं ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया।

कई जिलों में EVM खराबी: 10 से अधिक जिलों में शुरुआती घंटों में मशीनें खराब होने की शिकायतें आईं, जिन्हें बाद में बदला गया।

बिहारशरीफ में हंगामा: पर्ची बांट रहे चार बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया, हालांकि बाद में शांति बहाल रही।

शेखपुरा में मतदान केंद्र के बाहर झड़प: पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति संभाली।

 

Tags:    

Similar News