विदेश में बैठे अपराधियों को यहां लाया जाएगा-: भीलवाड़ा में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा का बड़ा ऐलान, स्थानीय सहयोगियों पर भी कसा जाएगा शिकंजा
एसपी कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हुए डीजीपी
भीलवाड़ा BHN. राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए संगठित अपराध और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बड़ा बयान दिया। डीजीपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विदेश में बैठकर प्रदेश में रंगदारी, धमकी और अन्य संगीन वारदातें अंजाम देने वाले अपराधियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भारत लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और एक एक कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
विदेशी नेटवर्क तोड़ने की तैयारी
डीजीपी शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों पर नजर रखे हुए है, जो विदेश में बैठकर यहां अपने गुर्गों के जरिए आपराधिक गतिविधियां चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन अपराधियों को भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक स्तर पर प्रयास जारी हैं। साथ ही प्रदेश में इनके लिए काम करने वाले स्थानीय सहयोगियों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। डीजीपी ने दो टूक कहा कि बिना स्थानीय मदद के कोई भी अपराधी प्रदेश में रंगदारी वसूली या वारदातों को अंजाम नहीं दे सकता, इसलिए ऐसे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी।
पेपर लीक पर पुलिस की सख्ती, परीक्षाएं अब पारदर्शी
प्रदेश में हुए पेपर लीक मामलों पर सवाल के जवाब में डीजीपी शर्मा ने कहा कि इस दिशा में गठित एसआईटी ने सराहनीय काम किया है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की थी, उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। डीजीपी के अनुसार इसके बाद आयोजित हुई परीक्षाओं में किसी तरह की अनियमितता सामने नहीं आई और अब सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से कराई जा रही हैं।
थानों में दुर्व्यवहार पर नहीं चलेगी ढिलाई
डीजीपी ने यह भी साफ किया कि पुलिस थानों में आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता पुलिस पर भरोसा रखे और निर्भय होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराए। आमजन का सहयोग ही पुलिस को मजबूत बनाता है और यही बेहतर कानून व्यवस्था की नींव है।
साइबर अपराध और माफियाओं पर भी दिया जवाब
मीडिया के सवालों पर डीजीपी ने साइबर अपराध, बजरी माफिया, अवैध खनन, एसआई पदों की कमी और प्रदेश में अपराध की स्थिति जैसे मुद्दों पर भी जवाब दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई चल रही है और आने वाले समय में और अधिक प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वीके सिंह, अजमेर रेंज आईजी राजेन्द्र सिंह, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप और भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
