देसूरी नाल घाट पर बस के ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से बची चालीस बारातियों की जान

Update: 2025-12-05 17:22 GMT



देसूरी नाल घाट की खतरनाक ढलान पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। बारातियों से भरी बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए, लेकिन चालक की त्वरित समझदारी से बस में सवार सभी चालीस लोग सुरक्षित बच गए। घटना तब हुई जब ढलान पर उतरते समय बस के ब्रेक प्रेशर पाइप फट गए और ब्रेक पूरी तरह से काम करना बंद कर गए।

ब्रेक फेल होते ही बस तेजी से नीचे की ओर बढ़ने लगी। इस विकट स्थिति में चालक ने हिम्मत और बुद्धिमानी दिखाते हुए बस को सड़क किनारे मौजूद बड़े पत्थरों से रगड़कर उसकी रफ्तार कम की। कुछ ही क्षणों में बस की गति नियंत्रित हुई और वाहन रुक गया। पत्थरों से रगड़ने के कारण बस की एक ओर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं लगी।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। बाद में सभी बारातियों को दूसरी बस में बैठाकर सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

Similar News