प्रगति ने शादी के 15 दिन बाद ही प्रेमी के सहयोग से पति को उतार दिया मौत के घाट, पत्नी सहित तीन गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के औरैया में सात फेरे लेकर जिस युवक के साथ विवाह के बंधन में बंधी, उसी ने शादी के 15 दिन बाद ही अपने प्रेमी के सहयोग से पति को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं, शातिर कातिलों ने इस कत्ल को दुर्घटना का रूप देने का रूप भी दिया, लेकिन कानून के लंबे हाथ आखिरकार इन कातिलों की गिरेबां तक पहुंच गये। पुलिस ने आरोपित पत्नी सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि सीसी टीवी फुटेज से मिले अहम सुराग से इस कत्ल का खुलासा हो पाया। एसपी अभिजीत आर. शंकर के मुताबिक कत्ल के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी गई। पहले एक लाख रुपये दिये गये।
औरैया में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुये बताया कि 19 मार्च को सूचना मिली कि सहार थाना क्षेत्र स्थित गेहूं के खेत में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हुआ कि अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट कर घायल कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पहचान मैनपुरी हाल दिबियापुर औरैया के निवासी दिलीप यादव के रूप में हुई। उसे गोली मारी गई थी। दिलीप यादव की तीन दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर सहार थाने में एफआईआर दर्ज कर इस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे के लिए एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम को लगाया गया।
एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये। इसके बाद जो घटना सामने आई उसने पुलिस को भी चौंका दिया। मृतक दिलीप यादव मोटरसाइकिल में किसी के साथ बैठकर जाता दिखाई पड़ा। जिसकी पहचान राम जी नागर निवासी औरैया के रूप में हुई। मुखबिर की सूचना पर रामजी नगर को गिरफ्तार करने गई पुलिस को मौके पर अनुराग यादव भी मिला। पुलिस की जांच में दोनों के पास असलहे मिले। दोनों से पूछताछ में घटना का खुलासा हुआ।
यूं हुई शुरुआत और अंत
मैनपुरी के नगला दीपा निवासी दिलीप यादव की शादी सिंहापुर निवासी प्रगति यादव के साथ 5 मार्च 2025 को हुई थी। 21 मार्च को दिलीप यादव की मौत हो गई। घटना के बाद प्रगति यादव अपने मायके से ससुराल आ गई। जहां वह ससुराल वालों के दुख में शामिल हुई। प्रगति यादव का अपने गांव के ही रहने वाले अनुराग यादव से पिछले 4 साल से प्रेम संबंध चल रहा था। यह जानकारी दोनों के घरवालों को भी थी। लेकिन घर वालों को यह मंजूर नहीं था। प्रगति यादव के विरोध के बाद भी उसकी शादी दिलीप यादव से करवा दी गई।
रास्ते से हटाकर सुधारना चाहती थी जिंदगी
एसपी के अनुसार प्रगति यादव ने अनुराग यादव को बताया कि उसका पति दिलीप काफी पैसे वाला है। रास्ते से हटा दिया जाए तो जिंदगी सुधर जाएगी। इसके लिए प्रगति यादव ने दिलीप को एक लाख दिया। दिलीप यादव को रास्ते से हटाने के लिए अनुराग यादव ने सुपारी किलर रामजी नागर उर्फ चौधरी निवासी औरैया से संपर्क किया। जिसे एक लाख रुपये एडवांस भी दे दिया। ? रामजी नागर ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिलीप यादव की हत्या कर दी। तीन को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें प्रगति यादव, अनुराग यादव, रामजी नगर शामिल हैं। अन्य की तलाश की जा रही है।