शहर में वन्देमातरम की गूंज, भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा

Update: 2024-08-13 12:26 GMT
  • whatsapp icon

भीलवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिला भाजपा संगठन द्वारा स्वतंत्रता दिवस एवं विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर आयोजित 5 दिवसीय कार्यक्रमों के तहत शहर में तिरंगा यात्रा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में निकाली गई। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सांसद दामोदर अग्रवाल ने रैली को तिरंगा दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि सांगानेरी गेट स्थित शहीद चौक से तिरंगा यात्रा में सैंकड़ों की संख्या में भाजपा जनप्रतिनिधि, जिला एवं मोर्चों के पदाधिकारी, शास्त्री, सुभाष, प्रताप, गणेश मंडल के पदाधिकारी, युवा, महिलाएं दोपहिया वाहनों पर रैली के रूप में रवाना हुए। तिरंगा यात्रा धानमंडी, बड़ा मंदिर, गुलमंडी, भीमगंज, गोलप्याऊ चौराहा होते हुए अंबेडकर सर्किल पहुंचकर संपन्न हुई। जहां बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। रैली में वाहनों पर लगे तिरंगों और वन्देमातरम, भारत माता की जय जैसे उद्घोषों से समूचा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। रैली का पूरे मार्ग में जगह जगह आमजन एवं व्यापारियों द्वारा स्वागत किया गया। तिरंगा यात्रा रैली में सभापति राकेश पाठक, जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Similar News