सहायक प्रशासनिक अधिकारी हरपाल मीना निलंबित, विभाग में हड़कंप

Update: 2025-07-26 15:47 GMT

भीलवाड़ा हलचल) जिले के बिजौलियाखनिज विभाग में अनुशासनहीनता और अनियमितताओं पर लगाम कसते हुए राजस्थान सरकार ने एक और सख्त कदम उठाया है। खान एवं भूविज्ञान विभाग, बिजौलिया में तैनात सहायक प्रशासनिक अधिकारी हरपाल मीना को राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन आदेश शुक्रवार को जारी हुआ, जिसमें मीना का निलंबन कालीन मुख्यालय अतिरिक्त निदेशक, खान कार्यालय, जयपुर तय किया गया है। आदेश पर सहायक शासन सचिव विमल कुमार आर्य के हस्ताक्षर हैं।

 अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत

सूत्रों की मानें तो हरपाल मीना के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रस्तावित है। यह निलंबन विभागीय कार्य संस्कृति में कड़ाई और पारदर्शिता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इससे यह स्पष्ट संदेश जा रहा है कि भ्रष्टाचार या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

  लगातार दूसरी कार्रवाई 

गौरतलब है कि ठीक एक सप्ताह पहले इसी कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक महेन्द्र कुमार सेन को विजिलेंस जांच में दोषी पाए जाने के बाद निलंबित किया गया था। सेन पर बिना रॉयल्टी पास के खनिज से भरे वाहन को छोड़ने और रसीदों में हेरफेर कर फर्जी रवन्ना जारी करने का आरोप था, जिससे सरकार को ₹7,690 की राजस्व हानि हुई थी। उन्हें जैसलमेर मुख्यालय भेजा गया था।

🧾 कर्मचारियों में बढ़ी सर्तकता

लगातार हुई दो कड़ी कार्रवाईयों से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। कर्मचारी न सिर्फ दहशत में हैं, बल्कि कार्य के प्रति सर्तकता भी बढ़ी है। जानकारों का मानना है कि विभाग अब 'जीरो टॉलरेंस पॉलिसी' के तहत तेजी से कार्रवाई कर रहा है, और आने वाले दिनों में और भी बड़े चेहरे कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।

📌  

Similar News