ट्रक-ट्रेलर भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, ट्रेलर ड्राइवर जिंदा जला

Update: 2025-10-01 04:45 GMT

 

भीलवाड़ा /  चित्तौड़गढ़। जिले के गंगरार क्षेत्र में मंगलवार देर रात कोर्ट पुलिया पर ट्रक और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों में आग भड़क उठी और अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रेलर चालक जिंदा जलकर मौत के शिकार हो गया, जबकि ट्रक ड्राइवर और खलासी कूदकर बच निकले।

ऐसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक में प्याज और ट्रेलर में लोहे का बुरादा भरा हुआ था। दोनों वाहन भीलवाड़ा की ओर जा रहे थे। अचानक ट्रेलर का टायर फट गया और वह बेकाबू होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर होते ही तेज धमाका हुआ और देखते-ही-देखते आग की लपटों ने दोनों वाहनों को घेर लिया।

ड्राइवर नहीं बच पाया

ट्रक सवार ड्राइवर और खलासी तुरंत कूदकर बाहर आ गए, लेकिन ट्रेलर चालक फंस गया। मदद पहुंचने से पहले ही आग ने पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया और चालक जिंदा जल गया। हादसे का मंजर देख लोगों की रूह कांप उठी। मृतक ड्राइवर की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

आग पर काबू पाने में डेढ़ घंटे लगे

आग इतनी भीषण थी कि पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। सूचना पर संगम फैक्ट्री की फायर बिग्रेड लगभग 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। इसके बाद चित्तौड़गढ़ से भी दमकलें बुलाई गईं। कुल तीन दमकलों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

ट्रैफिक डायवर्ट, जाम से लोग परेशान

हादसे की जानकारी मिलते ही डीएसपी रामेश्वर लाल और एएसआई शैतान सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा कारणों से सड़क पर ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

Similar News