संतोष कॉलोनी में पुलिया पर रखे सीमेंट बैरिकेट बने परेशानी का कारण

Update: 2026-02-12 07:44 GMT

 भीलवाड़ा। संतोष कॉलोनी स्थित पाण्डु के नाले पर नगर निगम द्वारा रखे गए सीमेंट बैरिकेट अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। क्षेत्र के निवासी एवं अधिवक्ता तेजेन्द्र सिंह शक्तावत ने बताया कि बारिश के मौसम में नाले का पानी ओवरफ्लो होकर पुलिया के ऊपर से बहने लगता है। ऐसे में किसी प्रकार का हादसा न हो और फोर व्हीलर वाहन पुलिया पर न चढ़ें, इस उद्देश्य से निगम ने सीमेंट बैरिकेट लगाए थे।

हालांकि काफी समय बीत जाने के बाद भी कुछ बैरिकेट पुलिया पर गलत दिशा में रखे हुए हैं। पुलिया पहले से ही संकरी है, लेकिन बैरिकेट उस ओर रखने के बजाय जहां दीवार नहीं है, उन्हें दीवार वाली दिशा में रख दिया गया है। इससे रास्ता और अधिक संकरा हो गया है और राहगीरों तथा दोपहिया चालकों को निकलने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण आए दिन टकराव की स्थिति बनती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द बैरिकेट को सही दिशा में व्यवस्थित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित हादसों से बचाव हो सके।

Similar News