सूने मकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, धमाके से थर्राई संतोष कॉलोनी

Update: 2026-03-09 06:21 GMT

 

भीलवाड़ा | गांधी नगर संवाददाता शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित संतोष कॉलोनी में रविवार देर रात एक सूने मकान में गैस सिलेंडर फटने से जबरदस्त धमाका हुआ। ब्लास्ट इतना भीषण था कि आसपास के घरों में कंपन महसूस किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जीत का जश्न समझ बैठे लोग घटना रविवार रात करीब 10 बजे के बाद की है। धमाके की आवाज सुनकर पहले तो पड़ोसियों ने इसे भारत की क्रिकेट मैच में जीत के बाद चलाए जा रहे पटाखों का शोर समझा। लेकिन जब धुआं उठता देखा और घरों की खिड़कियां हिलने लगीं, तो लोग दहशत में बाहर निकल आए। बाद में पता चला कि यह धमाका सत्यनारायण पुरोहित के मकान में हुआ था।

मकान और सामान को भारी नुकसान तेज धमाके के कारण घर की दीवारों में दरारें आ गईं और खिड़की-दरवाजे तक डैमेज हो गए। अंदर रखा घरेलू सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचित किया।

शादी में गया था परिवार हादसे के समय मकान मालिक सत्यनारायण पुरोहित अपने परिवार के साथ चित्तौड़गढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। घर खाली होने की वजह से कोई जनहानि नहीं हुई। गांधी नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मकान को सील कर दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सिलेंडर से गैस रिसाव (लीकेज) होना धमाके का मुख्य कारण माना जा रहा है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455


Similar News